बरियातू थाना क्षेत्र के कुसुम विहार स्थित रोड नंबर 9 में बुधवार की शाम लगभग 6 बजे एक युवक ने अचानक गोली चला दी। अपराधी ने एक के बाद एक लगातार 4 राउंड फायरिंग की, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग किए जाने की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा और बरियातू थानेदार मनोज कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक अपराधी फरार हो चुका था। पुलिस जांच में 4 राउंड हवाई फायरिंग किए जाने की सूचना मिली है। फायरिंग किसने और क्यों की, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। रोड नंबर 9 में रहने वाले लोगों के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला जा रहा है। खौफ बनाने के लिए गोली चलाए जाने की आशंका : कुसुम विहार स्थित रोड नंबर 9 में घटनास्थल से चंद कदमों की दूरी पर ही जेल में बंद गैंगस्टर लवकुश शर्मा का घर है। गोली चलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि कुसुम विहार में रहने वाले व्यवसायी व दुकान संचालकों से रंगदारी वसूलने के लिए अपराधियों ने गोली चलाई है, ताकि खौफ पैदा किया जा सके। पुलिस ने कुछ दुकानदारों से घटना के बारे में पूछताछ की है।


