बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों और दीपू चंद्र दास की नृशंस हत्या के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को महावीर चौक चास में आक्रोश प्रदर्शन कर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। विहिप विभाग मंत्री राजेश दुबे, जिलामंत्री संजीव कुमार ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ जो हो रहा है, वह मानवता पर कलंक है। दीपू चंद्र दास के साथ हुई क्रूरता ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है, लेकिन विडंबना देखिए, वैश्विक मानवाधिकार संगठन और खुद को लिबरल कहने वाले लोग इस पर मौन हैं। उन्होंने समाज को सचेत करते हुए कहा कि बांग्लादेश की ये तस्वीरें केवल खबरें नहीं, बल्कि एक गंभीर चेतावनी है, जहां हिंदू अल्पसंख्यक है, वहां उनकी स्थिति अत्यंत दयनीय है। समय आ गया है कि हिंदू समाज अपनी सुरक्षा और अस्तित्व के लिए एकजुट हो और इस जिहादी मानसिकता के खिलाफ मजबूती से खड़ा हो। बांग्लादेश सरकार दोषियों को चिह्नित कर मृत्युदंड की सजा दे। मौके पर विहिप विभाग मंत्री राजेश दुबे, जिलामंत्री संजीव कुमार, विभाग सहसंयोजक अजीत पांडेय, राकेश मोदक, गौ रक्षा प्रमुख प्रशांत द्विवेदी, मातृशक्ति मित्तल, शांतनु सुमन, भाजपा से विनोद महतो, विक्की राय, विक्रम महतो, अर्चना सिंह, गोपाल साव, पियूष आदि मौजूद थे।


