भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाय) के अंतर्गत भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपए की लागत से स्वीकृत सड़कों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। क्षेत्र की वर्तमान विधायक रेणुका सिंह द्वारा सोशल मीडिया में जारी बयान में इन सड़कों की प्रशासकीय स्वीकृति का श्रेय स्वयं लिया जा रहा है। इसको लेकर अब पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने तथ्यों के साथ अपना पक्ष सामने रखा है। प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा विकास कार्यों का झूठा श्रेय लेने के बजाय जनता के सामने सच्चाई रखना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत की अनुशंसा और निरंतर प्रयासों के कारण ये सड़क परियोजनाएं प्रस्तावित और स्वीकृत हुईं। पूर्व विधायक ने कहा कि इन सभी स्वीकृतियों की प्रक्रिया पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय प्रारंभ हुई थी और सांसद की सक्रिय भूमिका रही है। वर्तमान में प्रशासकीय प्रक्रिया पूर्ण होने पर स्वयं श्रेय लेने का प्रयास किया जा रहा है, जो वास्तविकता से परे है। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और सच्चाई को समझती है। दीदी झूठ बोलना बंद करिए, झूठी वाहवाही लेकर जनता को गुमराह करने की राजनीति बंद होनी चाहिए। प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व नपा अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष हफीज मेमन, पार्षद स्वप्निल सिन्हा आदि मौजूद रहे।


