जामताड़ा|जिले में पशुओं की सही संख्या और उनकी स्थिति जानने के लिए पशु गणना अभियान शुरू हो गया है। यह अभियान 31 मार्च तक चलेगा। डॉक्टर सुशील टुडू ने बताया कि जिले में पशु गणना कार्य चलाया जा रहा है। इस दौरान संबंधित विभाग की टीमें प्रत्येक गांव में घर-घर जाकर पशुपालकों से उनके पशुओं का डेटा एकत्रित करेंगी। डेटा में पशु की संख्या, नस्ल, उम्र, और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी शामिल होगी। अभियान के तहत टीमें प्रतिदिन फील्ड में जाकर जानकारी जुटाएंगी और शाम को ऑनलाइन पोर्टल पर इसे अपडेट करेंगी। यह प्रक्रिया पशु संसाधनों का सटीक आंकलन करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक होगी। पशुपालन विभाग ने इस कार्य के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों को तैनात किया है। विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे सही और सटीक जानकारी देकर इस अभियान को सफल बनाएं। इस गणना से सरकार को पशुधन से संबंधित योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। गौरतलब है कि पशु गणना हर पांच साल में की जाती है, जिससे जिले में पशुधन की अद्यतन जानकारी उपलब्ध हो सके। जामताड़ा | सेंट एंथोनी विद्यालय में प्रकृति, प्रेम और भाईचारे का पर्व सोहराय धूमधाम से मनाया गया। समारोह की शुरुआत विद्यालय के मुख्य संरक्षक दुर्गादास भंडारी, निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, प्राचार्य अरूप कुमार यादव, शैक्षणिक प्रमुख दीपक कुमार मंडल और विजन-इ के सेक्रेटरी अपर्णा भंडारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। सोहराय के इस खास मौके पर छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक संथाली वेशभूषा में लोक गीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों ने इस सांस्कृतिक उत्सव का खूब आनंद लिया। इस अवसर पर मुख्य संरक्षक दुर्गादास भंडारी ने कहा सोहराय झारखंड की सबसे बड़ी जनजाति संथाल समुदाय का प्रमुख पर्व है, जो प्रेम, समृद्धि और प्रकृति के प्रति आदर का प्रतीक है। हमें अपनी प्राचीन परंपराओं को संरक्षित करने की दिशा में ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देना चाहिए। निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने इस पर्व के महत्व को बताते हुए कहा सोहराय पर्व को प्रेम भाईचारे और आपसी समझ के साथ मनाना चाहिए। इस तरह के आयोजन समाज में एकजुटता को बढ़ावा देते हैं और हम सभी को यह संदेश देते हैं कि हम एक परिवार की तरह मिलकर एक दूसरे की खुशियों में शामिल हों। विद्यालय के प्राचार्य अरूप कुमार यादव ने सोहराय पर्व के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी और इस अवसर पर समाज में प्रेम और सौहार्द्र को फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।समारोह के दौरान विद्यालय के उप प्राचार्य लारेब खान, रिंकू घोष, निवास पंडित, उत्पल मंडल, सोभना चंद्रा, सोमा सर्कल, पिंकू राय, गणेश राय, अब्दुल रज्जाक, रूपम मंडल, बेबी सिंह, रुबीना खान, शैलेश्वरी, रिया माझी, मुस्कान परवीन, राजेंद्र राउत, रतना पाल, कैलाश ठाकुर, रोनित विश्वास, संजय माहतो, रतन कुमार मंडल, सुजीत शाहा, वरुण कुमार, दिशारी मुखर्जी, तृषा दे, सुलेखा कुमारी, प्रीति शाहा उपस्थित थे।


