मोगा में पुलिस ने चोरी की बाइक खरीदकर उनके पार्ट्स बेचने वाले कबाड़ी की दुकान को सील कर दिया है। पुलिस ने दुकान से करीब 20 चोरी की बाइक के पार्ट्स बरामद किए हैं, जबकि दुकान मालिक जयंत कुमार फरार है। घटना का खुलासा तब हुआ, जब गांव लुहारा के रहने वाले गुरमेल सिंह ने अपनी चोरी हुई बाइक को कबाड़ बाजार में देखा। गुरमेल की बाइक एक दिन पहले मेन बाजार से चोरी हुई थी। पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद थाना मुखी गुरप्रीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाइकों को काटकर बेचता था पार्ट्स थाना मुखी गुरप्रीत सिंह के अनुसार, जांच में पता चला कि दुकान मालिक जयंत कुमार चोरी की बाइक खरीदकर उन्हें काटकर पार्ट्स के रूप में बेचने का धंधा करता था। पुलिस ने दुकान से गुरमेल सिंह की बाइक के साथ-साथ अन्य चोरी की गई बाइक के पार्ट्स भी बरामद किए। सभी बरामद सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और दुकान को सील कर दिया है। पुलिस आरोपी जयंत कुमार की तलाश कर रही है।


