किसान देश की रीढ़, इनकी मेहनत पर ही टिकी है देश की प्रगति: वैज्ञानिक राकेश

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) ने 23 दिसंबर को राष्ट्रीय किसान दिवस का आयोजन किया। यह कार्यक्रम पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया, जिन्हें किसानों के अधिकारों और कल्याण के लिए किए गए उनके योगदान के लिए याद किया जाता है। कार्यक्रम में कुल 125 किसानों ने सहभागिता की, जिनमें महिला किसानों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। महिलाओं की सक्रिय उपस्थिति को कृषि क्षेत्र में नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया। इस अवसर पर उन्नत कृषि तकनीक, फसल प्रबंधन, मिट्टी स्वास्थ्य, जैविक खेती एवं महिला किसानों के लिए संचालित विशेष योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विज्ञान केंद्र जशपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख राकेश कुमार भगत ने की। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत से ही राष्ट्र की प्रगति संभव है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने, नियमित मिट्टी परीक्षण कराने तथा जैविक खेती की ओर कदम बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान किसानों के साथ सीधा संवाद किया गया, जिसमें उन्होंने अपनी समस्याएं साझा कीं। विशेषज्ञों द्वारा समस्याओं के समाधान भी सुझाए गए। विषय वस्तु विशेषज्ञ महेंद्र कुमार पटेल ने किसानों को नवीन कृषि यंत्रों का प्रदर्शन कराया, बीज वितरण किया व विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। केवीके जशपुर एवं कृषि महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस किसान सम्मान दिवस में किसानों को आश्वस्त किया गया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *