भरतपुर पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश के निर्देशन में धौलपुर जिले में 2 दिन तक एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। 2 दिन तक चले अभियान में पुलिस की 47 टीमों ने 129 जगह दबिश देकर विभिन्न मामलों में 68 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पिछले दो दिनों में अवैध हथियारों के साथ बजरी के खिलाफ भी कार्रवाई की है। धौलपुर एसपी सुमित मेहरड़ा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान सदर थाना पुलिस ने हथियारों से जुड़े सिंडिकेट के आठ लोगों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से इंग्लैंड मेड रिवाल्वर के साथ पिस्टल और देसी कट्टा बरामद किया गया था। सभी आरोपियों के पास से भारी मात्रा में कारतूस भी मिले। इनके अलावा दिहौली पुलिस ने भी अवैध हथियार के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से देसी कट्टा और एक पचफेरा राइफल जब्त की गई। पुलिस की 47 टीमों ने 129 जगह दबिश देकर अवैध शराब कारोबारी और वारंटियों को भी गिरफ्तार किया हैं। एसपी सुमित मेहरड़ा ने बताया कि विभिन्न आपराधिक मामलों के आरोपियों के साथ पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट से प्रतिबंधित चंबल बजरी को लेकर भी कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बजरी के मामले में दो अलग-अलग जगह 160 टन बजरी को जब्त किया है। जिसमें पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।


