भास्कर न्यूज | शंकरगढ़ राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर लक्ष्य शिक्षण संस्थान शंकरगढ़ में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन का 138वां जन्मदिन बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान परिसर में गणित मेले का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा तीसरी, पांचवीं और आठवीं के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस.पी. चतुर्वेदी व पूर्व मंडल संयोजक इंद्रजीत भगत द्वारा श्रीनिवास रामानुजन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर व केक काटकर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा गणित विषय पर आधारित रंगोली व मॉडल प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई, जिसमें ज्यामितीय आकृतियां, सूत्र, गणितीय यंत्र व रामानुजन के चित्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभा व उनकी सहेलियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि संस्कृति, दीपा, रवि व सहेलियों को दूसरा और कक्षा तीसरी के प्रांजल और सेजल को तीसरा स्थान मिला। मॉडल प्रतियोगिता में आरोही बेक ने प्रथम, मिहिका टोप्पो ने द्वितीय और प्रिंस कुमार व निलेश पैकरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथियों द्वारा गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अनेक विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप पेन व कॉपी देकर प्रोत्साहित किया गया। एस.पी. चतुर्वेदी ने कहा कि कम उम्र में ही बच्चों ने गणितीय रचनाओं को रंगोली और मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत कर श्रीनिवास रामानुजन के जन्मदिन को सार्थक बना दिया। इंद्रजीत भगत ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता को निखारते हैं। संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव ने कहा कि 22 दिसंबर को पूरे देश में राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया जाता है और इसी उद्देश्य से यह गणित मेला आयोजित किया गया। गणित मेला के दौरान सम्मानित होने वाले बच्चे, शिक्षक व अन्य।


