हरदा में ईसा सीह के जन्म की झांकियां सजीं:सेंट मैरी चर्च में जन्मोत्सव मनाया गया, विशेष प्रार्थना और केक काटा गया

हरदा के सेंट मैरी स्कूल स्थित कैथोलिक चर्च में बुधवार रात प्रभु यीशु मसीह का जन्मोत्सव क्रिसमस पर्व मनाया गया। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं और क्रिसमस गीतों की प्रस्तुति दी गई। रात ठीक 12 बजे यीशु के जन्म के जश्न में आसमान में देर तक आतिशबाजी की गई। जिला मुख्यालय के रोमन कैथोलिक चर्च और इव्हेजिलिकल चर्च ऑफ इंडिया में ईसा मसीह के जन्म की भव्य झांकियां सजाई गईं। गिरजाघरों को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और सजावटी लाइटों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। शहर के चर्चों में प्रभु यीशु के जन्म को दर्शाने वाली सुंदर चरनियां (मंजर) बनाई गईं, जिनमें मरियम, जोसेफ और बालक यीशु की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। प्रतीकात्मक रूप से कई ईसाई परिवारों ने अपने घरों में भी चरनी सजाई, ताकि पर्व का संदेश घर-घर तक पहुंचे। सेंट मैरी स्कूल स्थित रोमन कैथोलिक चर्च के फादर सीबी जोसेफ ने बताया कि 24 दिसंबर की रात 12 बजे प्रभु यीशु के जन्मोत्सव के लिए विशेष प्रार्थना सभाएं हुईं। इस दौरान भगवान यीशु के जन्म स्थल को गोशाला के रूप में दर्शाया गया। प्रार्थना के बाद केक काटकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी गईं। यह पर्व ईसाई समुदाय के लिए एक बड़ा उत्सव है, जो प्रभु यीशु के जन्म और उनके द्वारा दिए गए सेवा और परोपकार के संदेश को याद दिलाता है। इस त्योहार से कुछ दिन पहले से ही ईसाई समुदाय बैंड-बाजे और ढोल के साथ कैरोल गीत गाते हुए जुलूस निकालते हैं, जिसमें सांता क्लॉज की वेशभूषा में बच्चे भी शामिल होते हैं और प्रेम व शांति का संदेश देते हैं। कैथोलिक चर्च परिसर में प्रभु यीशु के जन्म समय की झांकी देखने और सेल्फी लेने के लिए युवक-युवतियों में अभी से होड़ लगी हुई है। परिसर में घास-फूस से बनी झोपड़ी को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। साथ ही गड़रियों, मंजूषियों और माता मरियम की गोद में बैठे प्रभु की सुंदर छवि को देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। क्रिसमस की तस्वीरें देखिए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *