धौलपुर में गडरपुरा चौराहे पर लोगों का प्रदर्शन:सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किया सड़क जाम

धौलपुर शहर के गडरपुरा चौराहे पर गुरुवार को सफाई व्यवस्था को लेकर कॉलोनीवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बैठकर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया और नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा। बीमारियां फैलने का खतरा
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि पिछले 2 साल से इलाके में नियमित सफाई नहीं हुई है। इसके कारण सीवर का गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है। इससे न केवल आवागमन में परेशानी होती है, बल्कि बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
लोगों ने बताया कि स्कूल जाने वाले बच्चे अक्सर इस गंदे पानी में गिरकर चोटिल हो जाते हैं। इसके अलावा, दोपहिया वाहन चालक भी फिसलकर घायल हो चुके हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कई बार शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, इस समस्या को लेकर प्रशासन और नगर परिषद में कई बार शिकायतें की गई हैं। हालांकि, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश है।
कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और सीवर की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *