हिमाचल सरकार ठेकेदारों को 80 करोड़ देगी:विक्रमादित्य बोले- 2 दिन में पेमेंट रिलीज; नेता प्रतिपक्ष को जनता की चिंता करने की नसीहत

हिमाचल प्रदेश में ट्रेजरी बंद को लेकर छिड़े घमासान के बीच सरकार ने 80 करोड़ की पेमेंट का जल्द भुगतान करने का निर्णय लिया है। इसे लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज हुई मीटिंग में संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए। PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला में मीडिया से बातचीत में कहा, दो दिन के भीतर फाइनेंस सेक्रेटरी बजट रिलीज करेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने निर्णय लिया है कि छोटे काम की पेमेंट का जल्द भुगतान कर दिया जाए। जयराम ठेकेदारों की नहीं जनता की चिंता करें: मंत्री PWD मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों का काम हमेशा गाना गाते रहना हैं। उन्होंने कहा, जयराम ठाकुर को इतनी चिंता ठेकेदारों की नहीं बल्कि जनता की होनी चाहिए। उन्होंने कहा, सभी ठेकेदारों की पूरी पेमेंट चरणबद्ध ढंग से दी जाएगी। प्रदेश पर पूर्व सरकारों के समय से वित्तीय संकट है। कांग्रेस सरकार इससे निपट रही है। 21 नवंबर के बाद रुका भुगतान बता दें कि, 21 नवंबर के बाद से लोक निर्माण विभाग (PWD) के ठेकेदारों की पेमेंट का भुगतान नहीं किया जा रहा है। 5-10 हजार रुपए की ही कुछ पेमेंट ठेकेदारों को दी जा रही है। इससे ठेकेदार अपने इंजीनियरों, कर्मचारियों और मजदूरों को वेतन नहीं दे पा रहे हैं। कुछ ठेकेदार अब काम बंद करने की तैयारी में हैं, क्योंकि पीडब्ल्यूडी द्वारा बिल पास किए जाने के बावजूद उनका भुगतान नहीं हो रहा है। इस मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि ट्रेजरी दो महीने से अघोषित रूप से बंद है। इससे अराजकता का माहौल बन गया है। इससे सभी प्रकार के विकास कार्य ठप पड़े हैं। 825 करोड़ की पेमेंट पेंडिंग जानकारी के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी ठेकेदारों को सरकार ने 825 करोड़ से अधिक का भुगतान करना है। यह भी बताया जा रहा है कि ‘ए’ श्रेणी के कई ठेकेदारों का 50 लाख से अधिक का भुगतान लंबित है। ठेकेदार बार-बार पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों के पास जाकर भुगतान की मांग कर रहे हैं। लेकिन भुगतान नहीं दिया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *