सरगुजा के दरिमा हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ शिक्षिका विभा चौबे सोनी टीवी के प्रतिष्ठित क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के हॉट सीट तक पहुंची। विभा चौबे ने 12.5 लाख रुपए जीते। वे 25 लाख रुपए के सवाल का जवाब नहीं दे सकीं और गेम क्विट कर दिया। विभा चौबे ने 25 सालों से KBC में जाने का सपना देखा था। विभा सरगुजा से KBC में पहुंचने वाली पहली महिला बनी हैं। केबीसी के हॉट सीट पर पहुंचने वाली विभा चौबे गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल दरिमा में लेक्चरर हैं। विभा चौबे ने बताया कि जब वर्ष 2000 में कौन बनेगा करोड़पति की शुरुआत हुई थी तब से उन्होंने सोचा था कि किसी सीजन में वे KBC तक पहुंचेंगी। इसके लिए कड़ी मेहनत की। इस सीजन में उन्हें KBC से कॉल आया। कई चरण पार करते हुए वे KBC के मंच पर पहुंची। फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट में क्वालीफाई कर वे हॉट सीट तक पहुंची। 12.5 लाख रुपए जीते, 31 को होगा प्रसारण
विभा चौबे ने KBC (सीजन 17) के सवालों का जवाब देते हुए 12.5 लाख रुपए जीते। वे 25 लाख रुपए के सवाल का जवाब नहीं दे सकीं और गेम क्विट कर दिया। विभा चौबे ने बताया कि KBC के उनके एपिसोड का प्रसारण 31 दिसंबर एवं 1 जनवरी को होगा। सोनी टीवी ने इसका प्रोमो जारी कर दिया है। KBC के हॉट सीट तक पहुंचने का अपना अनुभव साझा करते हुए विभा चौबे ने कहा कि इसके लिए कड़ी मेहनत की थी। जब तक वे हॉट सीट तक नहीं पहुंची थीं, तब भी KBC के होस्ट महानायक अमिताभ बच्चन ने सभी का उत्साह बढ़ाया। विभा चौबे ने कहा कि सदी के महानायक से मिलकर ही आप करोड़पति बन जाते हैं। वे डाउन टू अर्थ हैं। सभी से ऐसा मिलते हैं, कि आपको यह अनुभव ही नहीं होगा कि आप अमिताभ बच्चन से मिल रहे हैं। अमिताभ बच्चन को विभा चौबे ने गुलाब का फूल भेंट करते हुए कविता भी सुनाई। विभा चौबे ने कहा कि उनके KBC तक पहुंचने में परिवार की भी बड़ी भूमिका रही। उनके पति परमेंद्र चौबे मिडिल स्कूल मैनपाट में हेडमास्टर हैं।


