मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 22 दिसंबर को डग क्षेत्र के दौरे के दौरान डग पशु अनुसंधान केंद्र में 15 करोड़ रुपए की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खोलने की घोषणा की है। इस घोषणा से क्षेत्र के पशुपालकों और किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। यह घोषणा डग क्षेत्र की हरिगढ़ पहाड़ी पर आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन के दौरान की गई। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मालवी और गिर नस्ल के गोवंश के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस केंद्र में कृत्रिम गर्भाधान की आधुनिक सुविधाएं, दूध उत्पादन बढ़ाने की तकनीक और एक आधुनिक दुग्ध डेयरी स्थापित की जाएगी। इससे स्थानीय पशुपालकों और किसानों को सीधा फायदा होगा। डग पशु अनुसंधान केंद्र वर्ष 2015 से पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, जयपुर के तहत संचालित है। यहां 50 सीटें स्वीकृत हैं और अब तक 100 से अधिक छात्र अध्ययन कर चुके हैं। वर्तमान में इस केंद्र में 650 मालवी गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है, जिससे प्रतिदिन लगभग 125 लीटर दूध का उत्पादन होता है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना से पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल में भी पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय के नजदीक झालरापाटन में सरस डेयरी प्लांट स्थापित किया गया था, जो वर्तमान में कार्यरत है। पशु अनुसंधान केंद्र के इंचार्ज डॉ. पवन कुमार शर्मा ने इस घोषणा का स्वागत किया है।


