बीकानेर के लूणकरणसर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। धीरेरां गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। हादसे में ट्रक और उसमें भरा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया, हालांकि चालक की सूझबूझ से कोई जनहानि नहीं हुई। अचानक सड़क पर आए पशु से हुआ हादसा स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात ट्रक तेज रफ्तार में राष्ट्रीय राजमार्ग 62 से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क पर पशु आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर के तुरंत बाद ट्रक में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। चलते ट्रक से कूदकर चालक ने बचाई जान हादसे के दौरान ट्रक चालक बाबूराम ने सतर्कता दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद ट्रक पूरी तरह आग की चपेट में आ गया और धूं-धूं कर जलने लगा। आग की लपटें दूर से ही नजर आने लगीं। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा घटना की सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक सुरेश मीणा और चालक महावीर प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गुजरात से पंजाब जा रहा था ट्रक सहायक उप निरीक्षक सुरेश मीणा ने बताया कि ट्रक गुजरात के मोरबी से कागज के रोल भरकर पंजाब के लुधियाना जा रहा था। हादसे में ट्रक और उसमें लदा सारा सामान जलकर खाक हो गया। जनहानि नहीं, बड़ा नुकसान हादसा भले ही भीषण था, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग बुझाने के बाद पुलिस ने मौके से जले हुए ट्रक को हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। कंटेंट : अलंकार गोस्वामी, बीकानेर


