सीकर जिला कलेक्टर को फटकार के सवाल पर वन राज्य मंत्री संजय शर्मा बोले— मैं उस शिविर में गया, वहां बहुत सारी अव्यवस्थाएं थीं। अधिकांश कुर्सियां खाली पड़ी हुई थीं। परिवादी इधर से उधर भटक रहे थे। तो उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर बताया कि वे पिछले 6 महीने से अपनी समस्याओं को लेकर भटक रहे हैं। ना तो उनकी निगम के कर्मचारी सुन रहे थे और ना ही जिला कलेक्टर उनकी सुन रहे थे। तो इस बात को लेकर मैंने उनको ज्ञान दिया था थोड़ा-सा। औचक निरीक्षण पर बोले— मैं सीकर का प्रभारी मंत्री हूं और प्रभारी मंत्री कहकर जाना, तो वो उसके लिए भी ठीक नहीं है। अगर योजनाओं का किस प्रकार से जनता तक पहुंच रहा है, तो इसके लिए औचक निरीक्षण भी करना चाहिए कि योजना जनता तक पहुंच भी रही है या नहीं। आने वाले समय में पूरे राजस्थान में जहां-जहां मुझे लगेगा, वहां-वहां जाकर औचक निरीक्षण करूंगा। वन मंत्री संजय शर्मा शहर के प्रताप ऑडिटोरियम में दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरण कार्यक्रम में पहुंचे हैं, जहां सरकार की योजना के तहत दिव्यांगों को 81 स्कूटी वितरित की गईं। वहीं संजय शर्मा के विधायक कोष से 20 स्कूटी वितरित की गईं। इसके अलावा संजय शर्मा ने 30 और स्कूटी दिव्यांगों को विधायक कोष से देने की घोषणा की है।


