कोडरमा के युवक ने बेंगलुरु में लगाई फांसी:परिजनों ने मौत को बताया संदेहास्पद, जांच और मुआवजे की मांग

बेंगलुरु में कोडरमा जिले के एक 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने इसे संदेहास्पद मौत बताते हुए मामले की जांच और मुआवजे की मांग की है। मृतक की पहचान नवलशाही थाना क्षेत्र के पुरनाडीह निवासी सतीश तुरी (19) पुत्र राजेश तुरी के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु के शाहजहांपुर स्थित बदाम नामक होटल में काम करता था। परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह सतीश तुरी से उनकी आखिरी बार बात हुई थी। सतीश ने कहा था कि वह थोड़ी देर में दोबारा कॉल करेगा, जिसके बाद उसने फोन रख दिया। जब काफी देर तक सतीश का फोन नहीं आया, तो परिजनों को किसी अनहोनी का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने सतीश के नंबर पर फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। परिजनों ने होटल में काम करने वाले एक व्यक्ति को फोन किया, जिसने सतीश के बारे में पूछे जाने पर तुरंत फोन पुलिस को थमा दिया। पुलिस ने भी कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया, जिससे परिजनों का शक और गहरा गया। परिजनों ने बेंगलुरु में रह रहे अपने जान-पहचान के लोगों से संपर्क किया, जो होटल पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि सतीश ने अपने कमरे में फांसी लगा ली है और उसकी मौत हो चुकी है। इस घटना की जानकारी परिजनों को दी गई, जिसके बाद वे सतीश का शव लाने के लिए बेंगलुरु रवाना हो गए। होटल के मैनेजर ने फोन पर बताया कि बुधवार को होटल में छुट्टी थी और सतीश अपने कमरे में था। सुबह जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने खिड़की तोड़कर देखा। सतीश फंदे से लटका हुआ मिला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *