नए साल का पहला त्योहार मकर संक्रांति, लोग बड़े ही धूमधाम से मना रहे हैं। कोटा के मंदिरों में भगवान के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। भगवान को श्रद्धालु तिल्ली से बने हुए पकवानों का भोग लगा रहे हैं। मलमास खत्म होते ही आज के दिन का विशेष महत्व होता है। वही लोग गायों को हरा चारा, पक्षियों को दाने और मछलियों को आटा डाल कर दान पुण्य भी कर रहे है। कोटा के उद्योग नगर क्षेत्र के कंसुआ इलाके में प्राचीन शिव मंदिर पर भक्तों की भारी भीड़ लगी हुई है यहां प्राचीन कुंड में श्रद्धालु स्नान कर रहे हैं जिसके बाद भगवान के दर्शन कर दान पुण्य भी कर रहे हैं। गरीब बच्चों संग मनाई संक्रांति कोटा में सुबह मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों ने जरूरतमंद बच्चों के साथ मकर संक्रांति मनाई। कोटा के गणेश उद्यान में आने वाले मॉर्निंग वॉक पर आए लोगों ने निशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे छोटे बच्चों के साथ मकर संक्रांति का पर्व मनाया। मॉर्निंग वॉक पर आए इंद्रपाल सिंह ने बताया कि गणेश उद्यान में पिछले कई सालों से निजी विद्यालय से रिटायर्ड महिला टीचर प्रवीण चौधरी छोटे बच्चों को निशुल्क शिक्षा दे रही है। सभी बच्चे आसपास की बस्तियों से आते हैं। उनके माता-पिता मेहनत मजदूरी करते हैं। बच्चों को निजी विद्यालय में पढ़ाने में उनके माता-पिता सक्षम नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए आज मकर संक्रांति के पर्व पर बच्चों को गर्म कंबल गर्म जैकेट दिए गए।


