राजगढ़ जिले के किला क्षेत्र स्थित सराफा बाजार में बुधवार रात 10-12 हथियारबंद डकैतों ने डकैती को अंजाम दिया। गुलेल, सब्बल और पिस्टल लेकर आए डकैतों ने दो ज्वेलरी शॉप के ताले तोड़े और लाखों का माल समेट लिया। वारदात के दौरान एक दुकान में सो रहे बुजुर्ग व्यापारी पर सब्बल से जानलेवा हमला भी किया। इतना ही नहीं, जब कुछ युवाओं ने हिम्मत दिखाकर बदमाशों का पीछा किया, तो उन पर फायरिंग की और गुलेल से पत्थर बरसाए गए। इस घटना के बाद से पूरे व्यापारी वर्ग में दहशत है। CCTV तोड़े, 1 किलो चांदी और 3 तोला सोना ले गए बदमाशों ने सबसे पहले राजेंद्र विजयवर्गीय की दुकान को निशाना बनाया। वे दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 1 किलो चांदी, 3 तोला सोना और 3 लाख रुपए कैश चोरी कर लिया। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। इसके बाद पास ही स्थित ‘श्री बागेश्वर ज्वेलर्स’ (सचिन सोनी) की दुकान का ताला तोड़ा। यहां अलमारी तोड़कर 32 हजार नकद, 200 ग्राम चांदी और औजार चोरी किए। हैरानी की बात यह है कि दुकानों के ऊपर परिवार रहते हैं, फिर भी बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देते रहे। बुजुर्ग की सूझबूझ से बची जान लूटपाट के बाद बदमाश पास ही स्थित गोपालचंद सोनी (75) की दुकान पर पहुंचे। गोपालचंद दुकान के अंदर ही सो रहे थे। शटर की आवाज सुनकर वे जाग गए और शोर मचाया। इस पर बदमाशों ने बाहर से ही शटर के नीचे से लोहे का सब्बल अंदर घुसा दिया, जो बुजुर्ग के पैर में लगा। खतरा भांपते ही गोपालचंद ने अंदर से दूसरा ताला जड़ दिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। इससे बदमाश अंदर नहीं घुस पाए और उनकी जान बच गई। पीछा किया तो गोली चलाई, गुलेल से फोड़ी आंख शोर सुनकर लोग जागे तो बदमाश बांसवाड़ा क्षेत्र की ओर भागे। भागते समय उन्होंने एक बाइक चोरी कर ली। अमित मेवाड़े, कमल मेवाड़े और एक अन्य युवक ने उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने उन पर पिस्तौल से फायर कर दिया और गुलेल से पत्थर चलाए। गुलेल का पत्थर लगने से कमल मेवाड़े की आंख फूट गई, जबकि अमित की पीठ में चोट आई है। अमित ने एक बदमाश को रॉड मारकर गिरा भी दिया था, लेकिन साथी बदमाश ने फायर कर उसे बचा लिया। बाद में सभी श्मशान के पास खड़ी अपनी बाइकों से हाईवे की तरफ भाग निकले। पंडितजी को धमकाया- अंदर रहो बाजार के लक्ष्मीकांत मंदिर में रहने वाले पंडित नरसिंह लाल लश्करी (75) ने बताया कि खटपट सुनकर वे बाहर आए तो दो बदमाशों ने उन्हें धमकाते हुए अंदर रहने को कहा। डर के मारे उन्होंने लाइट भी नहीं जलाई और पड़ोसियों को फोन किया। वहीं, हार्डवेयर व्यापारी मुर्तजा अली पर भी बदमाशों ने गुलेल से हमला किया। घटना की सूचना पर एसपी अमित तोलानी, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। देखिए अन्य तस्वीरें…


