पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जिले भर के राजकीय कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और सुशासन की शपथ ली। जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्ट्रेट वीसी रूम में आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट वीसी रूम में जयपुर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी कार्मिकों को सुशासन की शपथ दिलाई। इस दौरान जिला कलेक्टर श्वेता चौहान, पुलिस अधीक्षक कुंदन कवरिया, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण, एसीईओ गौतम चौधरी और एक्सईएन ओपी वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कलेक्ट्रेट में उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। जिला कलेक्टर श्वेता चौहान ने कार्मिकों से आमजन के हित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्मिक सरकार के महत्वपूर्ण अंग हैं और उन्हें अपनी जिम्मेदारी समझते हुए गंभीरता से कार्य करना चाहिए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।


