कोटपूतली-बानसूर रोड पर चतुर्भुज गांव के पास कार बेकाबू होकर करीब 20 फीट नीचे गिर गई। इस हादसे में वाहन चालक और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया कि यह घटना दोपहर लगभग 3 बजे हुई। एक बेकाबू कार सड़क से लगभग 20 फीट नीचे खेतों में पलट गई। हादसे के बाद तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत एक निजी वाहन की सहायता से राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर कोटपूतली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हेड कॉन्स्टेबल शमशेर सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर उन्हें कोई क्षतिग्रस्त वाहन नहीं मिला। ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त कार को खड्डे से निकालकर सड़क पर पहुंचा दिया था।


