आनंदपुरी थाना क्षेत्र के छाजा गांव में किराना दुकान पर बैठी महिला से सोने की चैन लूटने के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को मौके से भगाने में मदद करने वाले उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन और आनंदपुरी थानाधिकारी कपिल पाटीदार के नेतृत्व में की गई। गले पर मारा था झपट्टा बीती 20 जुलाई की शाम को छाजा गांव में एक किराना दुकान पर बैठी महिला के गले से झपट्टा मारकर सोने की चैन लूटी गई थी। वारदात के बाद ग्रामीणों की सजगता से एक आरोपी राजू किर निवासी कोटड़ा बड़ा को मौके पर ही पकड़ लिया गया था, जबकि उसका साथी लोकेश किर भागने में सफल रहा था। पुलिस ने उस वक्त मौके से वारदात में प्रयुक्त बाइक, बैग और मोबाइल जब्त कर लिए थे। टेम्पो लेकर आया और दोस्त को भगा ले गया पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि फरार आरोपी लोकेश किर को पुलिस की पकड़ से बचाने के लिए उसका साथी ईश्वर किर साजिश में शामिल था। ईश्वर अपना टेम्पो लेकर कांगलिया के पास पहुंचा और वहां छिपे लोकेश को बैठाकर फरार हो गया। पुलिस ने अब आरोपी ईश्वर पिता नानु उम्र 26 वर्ष निवासी कोटड़ा बड़ा लोहारिया को गिरफ्तार कर लिया है।


