उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होने के साथ ही उत्तरी हवा फिर से मैदानी राज्यों में आने लगी हैं। सीकर में आज न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस सीजन यह दूसरी बार है जब सीकर में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री तक पहुंचा है। सीकर और अलवर में खेतों में फसलों पर बर्फ की परत नजर आई। अलवर में सूखी घास और लकड़ियों पर भी ओस जम गई। माउंट आबू में आज न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां गाड़ी की छत पर बर्फ की परत जमी मिली। अगले 2 दिन तक चूरू, झुंझुनूं, सीकर और नागौर जिले में कोल्ड-वेव की चेतावनी जारी की गई है। मौसम केंद्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम ड्राय रहने और सर्द हवा चलने से तेज सर्दी रहने की आशंका जताई है। इससे पहले बुधवार को राज्य में सर्द हवा के कारण पारा 7 डिग्री तक गिर गया। सीकर, फतेहपुर, नागौर, माउंट आबू में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। हालांकि घने कोहरे से बुधवार को राहत रही। प्रदेश के अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहा, जिससे दिन में तेज धूप रही। सुबह-शाम हवा चलने से तेज सर्दी रही
पिछले 24 घंटे के दौरान फतेहपुर (सीकर) में 2.6 डिग्री सेल्सियस और नागौर में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लूणकरणसर में न्यूनतम तापमान 5.4, चूरू में 5.8, झुंझुनूं, पाली में 6.8, करौली में 6.9, पिलानी में 7.2, दौसा में 8.1, सिरोही में 9.3, बीकानेर, जैसलमेर में 8.8, अलवर में 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर, फतेहपुर, चूरू, बीकानेर के इलाके में कल सर्द हवा का असर रहा। यहां सुबह-शाम सर्द हवा चलने से तेज सर्दी रही। सर्द हवाओं के असर से कल दिन के अधिकतम तापमान में भी कई शहरों में बड़ी गिरावट हुई। 16 शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से नीचे
प्रदेश के सभी शहरों में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे ठंडा दिन सिरोही में रहा, जहां का अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सिरोही के अलावा बारां में अधिकतम तापमान 22.6, करौली में 22.7, जयपुर में 22.3, अलवर में 22, झुंझुनूं में 22.8, दौसा में 23.8, श्रीगंगानगर में 23.5, चूरू में 23.6, बीकानेर में 23.8, कोटा में 23.3, अजमेर में 24.3, भीलवाड़ा में 24.4, पिलानी में 24.8, नागौर में 24.4 और पाली में 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अगले एक सप्ताह मौसम ड्राय रहेगा
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- अगले 2 दिन राज्य में सर्द हवा का बहुत असर रहेगा, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जबकि अगले एक सप्ताह मौसम ड्र्राय रहेगा।


