शिवगंज तहसील के पोसालिया कस्बे में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी लकी उर्फ दीपक (21) पुत्र रणजीत वाल्मीकि को पकड़ा है। यह घटना पोसालिया कस्बे की है, जहां सुरेश कुमार (40) पुत्र ठाकुर वागरी की हत्या हुई थी। मृतक के भाई प्रकाश ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रकाश ने बताया कि सुरेश कुमार बाइक से किसी घरेलू काम से आजाद चौक गया था, जहां लकी पुत्र रणजीत ने उसकी हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। सिरोही एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवराम के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में पलडियम थानाधिकारी कैलाश दान, सहायक उप निरीक्षक उदाराम, हेड कॉन्स्टेबल विक्रम सिंह और राजेंद्र सिंह शामिल थे। टीम ने गहनता से जांच और तलाश के बाद आरोपी लकी उर्फ दीपक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।


