बुरहानपुर जिले के खकनार थाना क्षेत्र में तार चोरी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 1.53 लाख रुपये कीमत के 255 किलोग्राम तार के तीन बंडल बरामद किए हैं। इन तीनों आरोपियों को पहले नेपानगर थाने की नावरा चौकी पुलिस ने पकड़ा था। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद नेपानगर पुलिस ने उन्हें खकनार थाने को सौंप दिया। खकनार पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने इलाके में हुई अन्य तार चोरियों के बारे में भी जानकारी दी। पहले जान लीजिए पूरा मामला
यह पूरा मामला बिजली कंपनी की शिकायत पर दर्ज किया गया था। कंपनी ने 10 अक्टूबर 2025 को पुलिस को बताया था कि 3 से 7 अक्टूबर 2025 के बीच अलग-अलग स्थानों से लगभग 2.10 लाख रुपये कीमत के बिजली के तार चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। 22 दिसंबर को नावरा चौकी पुलिस ने शाहरुख उर्फ तरी (30), माखन उर्फ विशाल (24) और विनोद (33) को गिरफ्तार किया। ये तीनों खंडवा जिले के पुनासा क्षेत्र के रहने वाले हैं। खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उनसे अन्य चोरी की घटनाओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।


