झालावाड़ में मकर संक्रांति के पावन पर्व पर दान-पुण्य की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए एक विशेष आयोजन देखने को मिला। न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. रामसेवक योगी की पत्नी नीतू योगी ने अपना जन्मदिन एक अनूठे तरीके से मनाया। उन्होंने अपने बेटे रेयांश और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से शहर की तीन बस्तियों में जरूरतमंद बच्चों के बीच केक, मिठाई और गर्म कपड़ों का वितरण किया। नीतू योगी ने कहा कि बच्चों के चेहरों पर खुशी देखकर उन्हें खुशी मिली। उन्होंने बताया कि बच्चे ईश्वर का रूप होते हैं और उनकी मुस्कान से ईश्वर भी प्रसन्न होते हैं। इस सामाजिक कार्य में आत्माराम सेवा संस्थान के युवराज पारेता, मंजूश्री संस्थान के अजय मोमिया, योगेश योगी, प्रेम सिंह और विकास का विशेष सहयोग रहा। इसी दिन शहर के प्रसिद्ध सिद्धि श्रीगढ़ गणपति मंदिर में एक और महत्वपूर्ण आयोजन हुआ। मंदिर समिति द्वारा पिछले 16 वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार 501 किलो खिचड़े का भोग लगाया और बाद में प्रसादी का वितरण किया गया। इस साल मकर संक्रांति पर विशेष योग के कारण पूरे दिन दान-पुण्य का माहौल रहा। मकर संक्रांति पर मंगलवार को शहर में पहली बार दैनिक भास्कर, रोटरी क्लब और अग्रवाल नवयुवक मंडल के नेतृत्व में आयोजन हुआ। पतंग महोत्सव को लेकर शहरवासियों में भी काफी उत्साह नजर आया। इस महोत्सव को यादगार बनाने के लिए संगठनों के पदाधिकारी पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे थे। अग्रवाल समाज अध्यक्ष संजय अग्रवाल और रोटरी क्लब के अध्यक्ष महावीर बांगड़ ने बताया कि सुबह 10 से शाम 6 बजे तक आयोजित इस महोत्सव में मनोरंजन के साथ कई प्रतियोगिताएं भी हुई। साथ ही विजेता प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया।


