झालावाड़ में मकान विवाद में बुजुर्ग की मौत:3 घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती, बड़े भाई के बच्चों ने किया था हमला

झालावाड़ जिले के सुनेल थाना क्षेत्र के ग्राम सिरपोई में गुरुवार सुबह दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच हुए मकान विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुनेल थाने के एएसआई हरि सिंह ने बताया कि इलाज के दौरान कन्हैयालाल पाटीदार की मौत हो गई। अन्य घायलों का एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है। यह विवाद दोनों परिवारों के बीच पैतृक मकान को लेकर लंबे समय से चल रहा था। मृतक के पुत्र ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे जब वह कुएं पर पानी पिला रहा था, तभी उसके ताऊजी के बेटे और उनके भतीजों ने पहले उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उन्होंने उसके भाई, पिता और माता पर भी हमला कर दिया। इस झगड़े में उसके पिता कन्हैयालाल गंभीर रूप से घायल हो गए। कन्हैयालाल पाटीदार को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार कन्हैयालाल पाटीदार और उनके परिजनों पर उनके भतीजे बापूलाल पाटीदार, दशरथ और गोविंद ने हमला किया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक कन्हैयालाल पाटीदार का पोस्टमॉर्टम शुक्रवार को कराया जाएगा। मामले की गहन जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *