चूरू में 7500 लीटर नकली घी और बड़ी मात्रा में केमिकल पकड़ा गया है। इसके साथ ही एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने सालासर क्षेत्र के शोभासर में नकली घी बनाने वाली अवैध फैक्ट्री भी पकड़ी है, जहां से भारी मात्रा में मिलावटी घी, घी बनाने के लिए काम में लिया गया केमिकल और पैकिंग सामग्री जब्त की है। प्रशिक्षु आईपीएस व एजीटीएफ प्रभारी अभिजीत पाटील ने बताया- टीम की ओर से बुधवार रात को शोभासर पुलिया के पास एनएच-58 स्थित एक प्लॉट में दबिश दी, जहां अवैध रूप से नकली घी तैयार करने की गतिविधि संचालित की जा रही थी। मौके से घी बनाने वाले केमिकल से भरे 200-200 लीटर के 17-18 ड्रम, घी पैकिंग के 414 टिनशेड डिब्बे और अन्य केमिकल से भरे 17-18 अतिरिक्त ड्रम बरामद किए गए। होटल की आड़ में हो रहा था अवैध कारोबार
कार्रवाई के दौरान करीब 7500 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया गया। जिसका उपयोग खाद्य पदार्थों एवं मिठाइयों के निर्माण में किए जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि होटल की आड़ में घी बनाया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह पूरी गतिविधि बिना किसी वैधानिक लाइसेंस, बिना खाद्य सुरक्षा मानकों एवं नियमों के संचालित की जा रही थी। इससे आमजन के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ होने की प्रबल आशंका जताई जा रही है। जांच में यह भी पाया गया कि होटल की आड़ में यह अवैध कार्य योजनाबद्ध एवं संगठित तरीके से किया जा रहा था। खाद्य विभाग ने जांच के लिए भेजे नमूने
पाटील ने बताया- कार्रवाई के दौरान टीम की ओर से तत्काल खाद्य सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे और शेष सामग्री को जब्त कर सील कर दिया। एजीटीएफ और खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से संयुक्त रूप से आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया- लैब रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ खाद्य मिलावट, धोखाधड़ी और लोगों के जीवन को खतरे में डालने से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।


