इलाज के नाम पर बुलाकर धर्मांतरण का आरोप:घर में मिले 35 लोग; विश्व हिंदू परिषद बोले- कई बार की शिकायत, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं

बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ इलाके के सबसे बड़े गांव मोमासर में गुरुवार को क्रिसमस के दिन कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की शिकायत पर पुलिस ने एक घर से 35 लोगों को हिरासत में लिया है। उनका कहना है कि उन्होंने धर्म परिवर्तन से जुड़ी गतिविधियों की शिकायत कई बार की मगर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। इन सभी को श्रीडूंगरगढ़ थाने ले जाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा हैं कि बीमारी का इलाज करने के नाम पर क्रिश्चियन धर्म में कर्न्वट करने के लिए लोगों को इकट्ठा किया गया था। इलाज के नाम पर बुलाने का आरोप विश्व हिंदू परिषद के श्रीडूंगरगढ़ प्रशासन प्रमुख श्याम जोशी ने बताया कि विहिप की टीम सुबह करीब 6 बजे ही मोमासर गांव पहुंच गई थी। संगठन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि गांव के एक घर में लोगों को बीमारी ठीक करने के बहाने बुलाया जा रहा है। आरोप है कि इलाज का दावा कर लोगों को इकट्ठा किया गया और उन पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा था। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का कहना है कि वे लंबे समय से मोमासर क्षेत्र में धर्म परिवर्तन से जुड़ी गतिविधियों की शिकायत करते आ रहे थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। संगठनों का आरोप है कि कई परिवारों को प्रभावित कर धर्म बदलने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। सूचना पर पुलिस पहुंची, 35 लोग थाने लाए गए मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर में मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर श्रीडूंगरगढ़ थाने ले आई। कुल 35 लोगों को थाने लाया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि लोगों को जबरन धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जा रहा था या किसी अन्य गतिविधि के तहत उन्हें एकत्र किया गया था। पुलिस के अनुसार सभी 35 लोगों से अलग-अलग स्तर पर पूछताछ की जा रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि कार्यक्रम का उद्देश्य क्या था और इसमें शामिल लोगों की भूमिका क्या रही। फिलहाल किसी भी स्तर पर पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बाहर से आए लोगों की मौजूदगी का दावा श्याम जोशी ने बताया कि थाने लाए गए 35 लोगों में से 3-4 स्थानीय मोमासर के निवासी हैं, जबकि बाकी लोग बाहर से आए बताए जा रहे हैं। इनमें कुछ परिवार चूरू जिले के भी बताए गए हैं। उन्होंने कहा कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे एक कार्यक्रम होना था, लेकिन पुलिस के पहुंचने के कारण वह नहीं हो सका। पूरे मामले की छानबीन जारी है। अब तक एफआईआर दर्ज नहीं श्याम जोशी के अनुसार फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने के बाद ही एफआईआर दर्ज कराने का फैसला किया जाएगा। थानाधिकारी जितेंद्र स्वामी ने बताया- अब तक किसी ने मामला दर्ज नहीं करवाया है। फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है। अगर कोई भी व्यक्ति लिखित में शिकायत देगा तभी पुलिस आगे कार्रवाई कर सकेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *