धार जिले के पीथमपुर सेक्टर-1 थाना इलाके में बुधवार रात किराएदार ने मकान मालिक का गला काटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने युवक को मकान की दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। महू-नीमच मार्ग स्थित होटल पैराडाइज के पास अक्षय (23) पिता बाग सिंह फुलवारे का तिमंजिला मकान है। इसमें पूरा परिवार रहता है। इसी मकान में सतना का रहने वाला अनिल (33) पिता शांता प्रसाद विश्वकर्मा किराए पर रह रहा था। बुधवार रात करीब 11 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान अनिल ने चाकू से अक्षय का गला काट दिया। हत्या के बाद उसने अक्षय को लहूलुहान हालत को गैलरी से नीचे फेंक दिया। उसे ऐसा करते हुए अक्षय के छोटे भाई ने देख लिया। उसने अनिल को रोकने की कोशिश की तो उसके साथ हाथापाई की। वहीं, घायल अक्षय को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शराब और दोस्तों को बुलाने से इनकार का विवाद
थाना प्रभारी ओमप्रकाश अहीर ने बताया कि पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर ही आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि किराए के कमरे में शराब पीने और दोस्तों को बुलाने को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। इसी रंजिश के चलते तैश में आकर अनिल ने अक्षय की हत्या कर दी। अनिल सतना का रहने वाला है। पीथमपुर में एक कारखाने में काम करता है। वह शादीशुदा है, लेकिन पत्नी उसके साथ नहीं रहती है। उसके भाई-बहन महू के चिनार पार्क इलाके में रहते हैं। दुकान बंद कर अक्षय आरोपी के कमरे में पहुंचा था
बुधवार रात करीब दस बजे अक्षय ने अपनी दुकान बंद की। इस दौरान वह मोबाइल पर अपने जीजा से बात कर रहा था। इसके बाद जब वह मकान की दूसरी मंजिल पर किराएदार अनिल के कमरे में पहुंचा, तभी आरोपी ने चाकू मारकर हत्या की। मृतक का परिवार मकान की तीसरी मंजिल पर रहता है। भाई बोला- अक्षय को अनिल गैलरी से गिरा रहा था
मृतक के भाई अश्विन ने बताया कि रात लगभग 10.30 बजे की घटना है। भाई अक्षय मकान के आगे के हिस्से में अपनी मंगेतर से फोन पर बात कर रहा था। तभी तेज आवाज आई। मैं देखने के लिए गया तो वहां आरोपी अनिल भाई को बिल्डिंग के पीछे के हिस्से में गैलरी से नीचे गिरा रहा था। अक्षय की सगाई हो चुकी थी, अप्रैल में शादी थी
अक्षय अपने ही मकान में किराना दुकान चलाता था। वह अपने माता-पिता, दो भाई और दो बहनों के साथ रहता था। कुछ समय पहले उसकी सगाई हुई थी। अप्रैल 2026 में उसकी शादी होनी थी। तैयारी भी चल रही थी। एक बहन की शादी पहले ही हो चुकी है, जबकि दूसरी बहन की शादी भी अक्षय की शादी के साथ ही होने वाली थी। परिजन को समझ नहीं आ रहा- बेटे को क्यों मारा
परिजन अब तक ये नहीं समझ पाए हैं कि किराएदार अनिल ने इस घटना को क्यों अंजाम दिया। दोनों के बीच अच्छे संबंध थे। अनिल अक्सर अक्षय की दुकान पर बैठकर उससे बातचीत किया करता था। ये खबर भी पढ़े… इंदौर में सीजिंग एजेंट की चाकू मारकर हत्या, युवती पर कमेंट और बातचीत पर विवाद इंदौर के द्वारकापुरी और अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की सीमा पर सोमवार देर रात एक सीजिंग एजेंट की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड में एक युवती, उसका प्रेमी और दो अन्य आरोपी शामिल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक दिन पहले सिगरेट पीने के दौरान हुए विवाद के बाद समझौते के बहाने युवक को बुलाया गया था। पढ़े पूरी खबर…


