बड़कागढ़ के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर का गुरुवार को 335वां वार्षिक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर के वरिष्ठ पुजारी पंडित रामेश्वर पाढ़ी ने सहयोगी पुजारियों पंडित सरयू मिश्रा, पंडित कौस्तव मिश्र, पंडित राम मोहंती, पंडित मदन मोहन पाढ़ी, पंडित अश्विनी मिश्रा और संतोष मोहंती ने श्री विष्णु सहस्त्रनाम का जाप किया। श्री जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति द्वारा आयोजित वार्षिकोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने 1008 विष्णु सहस्त्रनाम में भाग लिया और महाप्रभु से आने वाला वर्ष उनके और उनके परिवार के सदस्यों के लिए सुखमय हो इसकी मंगल कामना की। श्रद्धालुओं द्वारा विष्णु अष्टकम पाठ भी किया गया और महाप्रभु को गंजभोग में खिचड़ी खीर और सब्जी का भोग महाप्रभु को लगाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु के 1008 नाम गेंदा के पुष्प और तुलसी दल के साथ जप किया। भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और मां सुभद्रा की आरती उतारी गई। पूरा कार्यक्रम जगन्नाथपुर मंदिर के प्रथम सेवक ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव के दिशा निर्देशन में हुआ। मुख्य यजमान की भूमिका राजीव रंजन मिश्रा और उनकी धर्मपत्नी में निभाई। धार्मिक अनुष्ठानों की समाप्ति पर मंदिर परिसर में महा भंडारे का आयोजन किया गया। महा भंडारे में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महोत्सव के अनुष्ठान में सुबोध कांत सहाय, एनएन पांडे, अविजित घोष, विकास पांडे, मीरा अग्रवाल, आरके झा, यदुनाथ पांडे समेत हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दरबार में मत्था टेका।


