अटल की राजनीति सत्ता का खेल नहीं, राष्ट्र सेवा थी

भास्कर न्यूज | चिरमिरी भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को नगर पालिका निगम चिरमिरी को एक नई पहचान मिली। मालवीय नगर स्थित नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहे। महापौर राम नरेश राय ने कहा कि अटल के लिए राजनीति सत्ता का खेल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा की अनुभूति थी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और पोखरण परमाणु परीक्षण जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनाया। महापौर ने उनके द्वारा लाई गई संचार क्रांति और पड़ोसी देशों के साथ मधुर संबंधों को भी याद किया। वक्ताओं ने अटल के संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिंदी में दिए गए भाषण का उल्लेख किया। अटल की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाते हुए निगम कार्यालय के सामने स्थित इस परिसर में उत्साह देखा गया। संचालन निगम सचिव श्याम देशपांडे ने किया। इस अवसर पर सभापति संतोष सिंह, आयुक्त रामप्रसाद आंचला सहित अन्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *