हिमाचल में आज रात बदलेगा मौसम:ऊंचे इलाकों में कल बर्फबारी, बिलासपुर में कोहरे का ऑरेंज-अलर्ट, 15 शहरों में तापमान 5°C से नीचे गिरा

हिमाचल प्रदेश में आज रात मौसम बदलने के आसार है। इससे कल यानी शुक्रवार को अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने ताजा बुलेटिन जारी कर लाहौल स्पीति, चंबा, कुल्लू और कांगड़ा जिला की अधिक ऊंची चोटियों पर कल हल्के हिमपात की संभावना जताई है। परसों यानी 27 से 29 दिसंबर तक मौसम साफ हो जाएगा। नए साल पर 30 और 31 दिसंबर को फिर से ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। इससे देशभर से पहाड़ों पर पहुंच रहे टूरिस्ट की बर्फ देखने की चाहत पूरी हो सकती है। हालांकि यह वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर बताया जा रहा है। इसका असर अधिक ऊंचे क्षेत्रों में ही नजर आएगा। अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा। मैदानी इलाकों में छाया घना कोहरा मौसम बदलने से पहले आज सुबह के वक्त मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया। खासकर बिलासपुर में इससे विजिबिलिटी 50 मीटर से भी नीचे गिर गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज और अगले तीन दिन तक बिलासपुर में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट दे रखा है। बिलासपुर के अलावा हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों के निचले इलाकों में भी घना कोहरा छाया। इन जिलों में भी कई जगह 100 मीटर से नीचे विजिबिलिटी हो गई। इस विंटर सीजन में पहली बार कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए अगले तीन दिन के दौरान सुबह के समय ड्राइविंग करते हुए सावधानी बरतने और गैर जरूरी यात्राएं टालने की सलाह दी है। 15 शहरों में 5 डिग्री से नीचे गिरा तापमान कोहरे के कारण मैदानी इलाकों में सुबह-शाम और रात के वक्त ठंड में इजाफा हुआ। पहले ही मैदानी इलाकों की रातें कोहरे की वजह से शिमला से ज्यादा ठंडी है। अब घने कोहरे से ठंड में और इजाफा हुआ है। इसके बाद प्रदेश के 15 शहरों का रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर चुका है। खासकर सुंदरनगर, भुंतर, रिकांगपियो, मनाली, सोलन,सियोबाग, बजौरा में तापमान जमाव बिंदू के आसपास पहुंच गया है, जबकि ताबो, कुकुमसैरी और कल्पा में पारा माइनस में चला गया है। टूरिस्ट के लिए सुहावना मौसम अच्छी बात यह है कि प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थलों पर इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। मनाली, शिमला, कुफरी, डलहौजी, नारकंडा, कसौली में न कोहरा पड़ रहा और न ही ज्यादा ठंड है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *