इंदौर में अग्रवाल समाज फाउंडेशन ने मकर संक्रांति और प्रयागराज महाकुंभ के प्रथम शाही स्नान के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। अग्रसेन चौराहे पर स्थित अग्रसेन प्रतिमा स्थल को पतंगों से सजाया गया, जहां उन समाजबंधुओं को गंगा की त्रिवेणी का पवित्र जल और तिल-गुड़ के लड्डू वितरित किए गए, जो महाकुंभ में नहीं जा पाए। फाउंडेशन के प्रमुख किशोर गोयल और संजय बांकड़ा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 1100 लोगों को अभिमंत्रित गंगा-त्रिवेणी जल की शीशियां दी गईं। पवित्र जल को पहले नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ मंदिर में शिवजी को अर्पित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद गणेश गोयल, वर्तमान पार्षद मृदुल अग्रवाल, गोविंद सिंघल, रामदास गर्ग और बबलू मित्तल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मंदिर के बी.के. गोयल और मयूरेश गर्ग ने भी कार्यक्रम की सराहना की। फाउंडेशन की महिला मंडल की ओर से तृप्ति गोयल, प्रज्ञा-नीलेश अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल और पूर्व पार्षद मीना अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में समाजबंधुओं के लिए तिल-गुड़ के लड्डुओं के साथ-साथ इंदौर की विशेष पहचान पोहे-जलेबी और चाय की भी व्यवस्था की गई। सुबह 9 बजे से शुरू हुए इस आयोजन को समाज के लोगों ने सराहा और फाउंडेशन के इस सेवा कार्य को सामयिक एवं प्रासंगिक बताया।


