मैहर जिले में एक शराबी पिकअप ड्राइवर ने मुकुंदपुर इलाके में बाजार जा रहे बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। वहीं बाइक को लगभग एक किलोमीटर तक घसीटता ले गया। इस दर्दनाक घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल हुए दंपती की पहचान अंकित शर्मा और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों की सतर्कता से आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने पिकअप का पीछा कर चालक को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। ताला थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी ड्राइवर शैलेंद्र कुशवाहा पकड़े जाने के समय पूरी तरह नशे में था। पुलिस अभी चालक की पहचान और घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ड्राइवर ने पहले दंपती को टक्कर मारी और फिर बिना रुके उन्हें घसीटता हुआ ले गया। यह घटना ताला थाना क्षेत्र के ग्राम मुकुंदपुर की है, जहां पीड़ित दंपती बाजार करने आए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


