बालिका गृह की योगिता को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित:जूडो में राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने पर मिला प्रधानमंत्री बाल पुरस्कार

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित बालिका गृह कोंडागांव की कुमारी योगिता मंडावी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान खेल/जूडो के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 26 दिसंबर 2025 को प्रदान किया गया। योगिता मंडावी के माता-पिता का निधन चार वर्ष की आयु में हो गया था। इसके बाद उनकी परवरिश बालिका गृह कोंडागांव में हुई। इन विपरीत परिस्थितियों के बावजूद, योगिता ने अपनी मेहनत और लगन से मात्र 13 वर्ष की आयु में राज्य की एक बेहतरीन खिलाड़ी के रूप में पहचान बनाई। 14 वर्ष की उम्र से उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना शुरू कर दिया था। जूडो में उनके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए चुना गया। कोंडागांव बालिका गृह की अधीक्षिका मणि शर्मा ने इस उपलब्धि पर कहा कि दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिलना एक महत्वपूर्ण क्षण था। उन्होंने बताया कि वह भी इस दौरान योगिता के साथ मौजूद थीं। जिला कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने योगिता मंडावी की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में इतनी कम उम्र में यह बड़ा सम्मान हासिल करना उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि योगिता ने जिले, प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *