भास्कर न्यूज | पटना श्री हनुमान सेवा समिति, रनई के तत्वावधान में 26 दिसंबर 2025, शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से दुर्गा पूजा पंडाल, रनई में विशाल हिंदू सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन हिंदू समाज की एकता, समरसता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में समाज के विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक सौहार्द, समानता और संगठन की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं द्वारा विचार व्यक्त किए जाएंगे और चयनित अतिथियों को सम्मानित किया जाएगा। समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। श्री हनुमान सेवा समिति के अध्यक्ष विकास शुक्ला ने बताया कि यह आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने और आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने का प्रयास है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने परिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित कार्यक्रम में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया है, ताकि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह सफल और सार्थक बन सके।


