पिता की दरिंदगी: सौतेली बेटी की डंडे से पीट-पीटकर की हत्या, गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना इस्लामाबाद के इलाका आदर्श नगर धोबी घाट कोट खालसा में सौतेले पिता ने अपनी ही 16 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी अपनी बेटी पर पिछले 6 महीनों से गलत नजर रखता था। इस बारे उसकी पत्नी को भी पता था और इस बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच झगड़ा भी होता रहता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान सोनू निशाद के रूप में हुई है। वहीं मृतका की पहचान 16 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह जब प्रीति की मां अनीता अपनी धागा फैक्टरी में काम पर गई हुई थी, तब आरोपी सोनू घर में अपनी सौतेली बेटी के साथ अकेला था। आरोपी ने लड़की को अकेला पाकर उसके साथ मारपीट की। जब प्रीति ने इसका कड़ा विरोध किया, तो गुस्से में आकर सोनू ने लकड़ी का एक मोटा डंडा उठाकर उस पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। आरोपी ने उसके चेहरे और सिर पर इतने वार किए कि प्रीति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका की मां अनीता ने पुलिस को बताया कि यह उसकी और सोनू, दोनों की ही दूसरी शादी थी। प्रीति अनीता की पहली शादी से हुई संतान थी। सोनू के साथ शादी के बाद उनके तीन और बच्चे हैं। अनीता के अनुसार, सोनू पिछले छह महीनों से प्रीति पर बुरी नजर रखता था और अक्सर उसके साथ छेड़छाड़ करता था। इस बात को लेकर घर में आए दिन झगड़ा होता था। अनीता ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन सोनू अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वीरवार को भी उसे पड़ोसी का फोन आया कि उसकी बेटी घर में मृत पड़ी है। पुलिस को शक है कि आरोपी ने कहीं नाबालिगा के साथ रेप आदि तो नहीं किया, जिसके लिए एक मेडिकल बोर्ड बनवाकर जांच की जाएगी। अभी तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब 6 महीनों से ही नाबालिगा पर गलत नजर रखे हुए था। एडीसीपी विशालजीत सिंह का कहना है कि थाना इस्लामाबाद की पुलिस को वीरवार को सूचना मिली कि आदर्श नगर धोबी घाट कोट खालसा में एक घर में नाबालिगा का शव पड़ा हुआ है। थाना इस्लामाबाद के प्रभारी हरसंदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी सोनू निशाद ने ही अपनी नाबालिग बेटी को एक मोटी लकड़ी के साथ उस पर इतने वार किए कि उसकी मौत हो गई। आरोपी को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वह अपनी बेटी पर ही गलत नजर रखता था। इस संबंधी उसकी पत्नी ने भी पुष्टि की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *