मऊगंज थाना क्षेत्र के नदहा मोड़ पर मंगलवार शाम दो बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल एक युवक मकर संक्रांति का मेला देखकर लौट रहा था। लौर थाना के झौरा निवासी विजय रावत बहुती जलप्रपात में मकर संक्रांति का मेला देखकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान नदहा मोड़ के पास मऊगंज से नईगढ़ी की ओर जा रहे मऊगंज वार्ड नंबर 3 निवासी पुष्पेंद्र साकेत की बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 100 की गाड़ी मौके पर पहुंची। आसपास के ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल मऊगंज के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया है।


