भास्कर न्यूज | अमृतसर ग्रीन एवेन्यू स्थित ओलंपियन जिम में बॉडी बिल्डर व उसकी मंगेतर के बीच हुए झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद थाना सिविल लाइन की पुलिस ने अमनदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी नहीं की है। अमनदीप ने भी शिकायत देकर महिला के खिलाफ पगड़ी उतारकर बाल खींचने के तहत धार्मिक भावनाएं आहत किए जाने की मांग की है। पुलिस इस मामले में भी जांच कर रही है। थाना सिविल लाइन के प्रभारी गुरप्रीत सिंह का दावा है कि जल्द ही जांच पूरी होने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रही है, वह 7 दिसंबर का है और वह अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने पहल के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। यह वीडियो वायरल होने के बाद दोनों ही गुटों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए और एक दूसरे पर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के मुताबिक वीरवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें बॉडी बिल्डर और उसकी मंगेतर आपस में भिड़ते हुए दिख रहे हैं। बॉडी बिल्डर सिख युवक ने जहां युवती का मोबाइल फेंकते हुए उसे मारने पीटने की कोशिश की, वहीं महिला ने भी सिख युवक की पगड़ी उतार दी और उसके बाल खींचे। बॉडी बिल्डर द्वारा वीडियो जारी किए जाने के बाद अब उसकी मंगेतर मनप्रीत कौर सामने आई है। उन्होंने खुद को पीड़ित बताते हुए कहा कि जिम की 70 प्रतिशत हिस्सेदारी उनकी है। उनका आरोप है कि बॉडी बिल्डर ने उनका मोबाइल फोन छीना, तोड़ दिया, कपड़े फाड़ने की कोशिश की और उन्हें सीढ़ियों से नीचे फेंकने का प्रयास किया। वहीं बॉडी बिल्डर अमनदीप सिंह ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह प्रोफेशनल बॉडी बिल्डर और वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर हैं। उनका दावा है कि जिम में 100 प्रतिशत निवेश उन्होंने किया है और मंगेतर को सिर्फ कानूनी मजबूरी के चलते कागजों में पार्टनर बनाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाउंट में गड़बड़ी की जा रही थी और नेम प्लेट लगाने से रोका गया। अमनदीप ने कहा कि उनके साथ भी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और वह इस मामले को श्री अकालतख्त साहिब के समक्ष भी रख चुके हैं। थाना सिविल लाइन के प्रभारी गुरप्रीत सिंह का कहना है कि सीसीटीवी के तहत अमनदीप सिंह के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है। वहीं उनकी तरफ से भी धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत पहुंची है।


