आजमगढ़ जिले की बेटी खुशी सिंह ने वाराणसी में आयोजित पूर्वांचल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 50 किलोग्राम भार वर्ग में पहले ही प्रयास में गोल्ड मेडल हासिल कर आजमगढ़ का नाम रोशन किया है। खुशी सिंह बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की छात्रा हैं। खुशी सिंह की उपलब्धि से जहां परिजन काफी खुश हैं। वहीं परिजनों को जमकर बधाइयां भी मिल रही हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों और गुरुजनों को देते हुए कहा कि मेरा सपना है कि पहले मैं स्टेट लेवल फिर नेशनल लेवल और उसके बाद एशियाई गेम में खेल कर अपने जिले और देश का नाम रोशन करना चाहती हूं। खुशी ने बताया कि नियमित 2 घंटे की प्रैक्टिस करती हूं। यही कारण है कि यह सफलता मिली। मां बोली बचपन से ही बेटी की थी खेल में रुचि दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए खुशी सिंह की माता आशा सिंह ने बताया कि मेरी बेटी बचपन से ही खेल में रुचि रखती थी। केंद्रीय विद्यालय में पढ़ने वाली रुचि सिंह इससे पूर्व भी नेशनल लेवल पर कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। बेटी की सफलता पर गदगद मां आशा सिंह का कहना है कि हम लोग चाहते हैं की बेटी एक दिन देश के लिए खेल कर भारत देश के साथ-साथ जिले का भी नाम रोशन कर सके। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जिले के लोगों ने पहुंचकर खुशी के परिजनों को बेटी की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी।


