खेलों से विकसित अनुशासन ही राष्ट्र निर्माण की नींव

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में गुरुवार को ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ का समापन हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर युवाओं और खिलाड़ियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने इस महोत्सव को प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच बताते हुए कहा कि खेलों से विकसित होने वाला अनुशासन और टीम भावना राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल के मैदान से ही जीत का आनंद और हार से सीखने की भावना विकसित होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को खेलों के लिए निरंतर प्रोत्साहित करें। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि इस आयोजन से समाज में खेलों के प्रति एक सकारात्मक सोच विकसित हो रही है। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पर्यटन व संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने बताया कि यह आयोजन ब्लॉक से लेकर लोकसभा स्तर तक किया गया, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की छिपी हुई प्रतिभाएं सामने आईं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि इस महोत्सव के जरिए गेंड़ी दौड़ और पिट्ठुल जैसे पारंपरिक खेलों को भी नया जीवन मिला है। महोत्सव के समापन पर रस्साकसी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, रस्सी कूद, गोला फेंक, एथलेटिक्स और गेंड़ी दौड़ के विजेताओं को सम्मानित किया गया। बलरामपुर, लुण्ड्रा, सीतापुर, राजपुर, और वाड्रफनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार अपने नाम किए। कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत, कलेक्टर अजीत वसंत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष, नगर निगम सभापति समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *