रांची|सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) ने मान्यता प्राप्त स्कूलों में स्किल एजुकेशन को जल्द से जल्द लागू करने का निर्देश दिया है। बोर्ड की ओर से जारी पत्र में स्कूलों को कहा गया है कि वे बिना देरी किए अपने पाठ्यक्रम में कौशल शिक्षा को शामिल करें। व्यवसायिक विषयों को शुरू करें, जिससे विद्यार्थियों की विभिन्न स्किल्स को विकसित किया जा सके। बोर्ड ने सभी स्कूलों से प्रतिक्रिया, सुझाव और सफलता की कहानियां भी मांगी है। इस पहल के तहत सीबीएसई ने छठी से 12वीं के स्टूडेंट्स के लिए कौशल मॉड्यूल पेश किए हैं। स्टूडेंट्स एक शैक्षणिक सत्र में एक से अधिक मॉड्यूल चुन सकते हैं। यह मॉड्यूल कक्षाओं के माध्यम से या हॉबी क्लब के माध्यम से ऑनलाइन पेश किए जाते हैं। इसमें एक ही विषय या अलग-अलग विषय शामिल हो सकते हैं। किसी भी कौशल मॉड्यूल को चुनने वाले स्टूडेंट्स अपने पहले मॉड्यूल से शुरू करेंगे और फिर अगले उपलब्ध मॉड्यूल पर जाएंगे। इसके लिए पोर्टल भी डेवलप किया गया है। वेबसाइट पर अपलोड है सूची : सीबीएसई की ओर से कक्षा 9-10 के लिए 22 कौशल विषय और 11वीं-12वीं में 43 कौशल विषय का ऑप्शन दिया जाता है। इन विषयों की सूची वेबसाइट पर डाली हुई है। स्कूलों में कौशल विषयों को बढ़ाने के लिए प्रयोगशालाओं को बनाने का निर्देश भी दिया गया है।


