दौसा शहर में बदहाल सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। कलेक्टर देवेन्द्र कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को एडीएम व नगर परिषद के प्रशासक अरविन्द शर्मा ने शहर का दौरा किया और सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए व्यापारियों से निर्धारित स्थान पर कचरा संग्रहण करने और अतिक्रमण हटाने की समझाईश की। उन्होंने शहर में डोर टू डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण कर सुधार के निर्देश दिए। प्रशासक ने मुख्य बाजार में कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था में सुधार देखा, लेकिन कई जगह हालात जस के तस मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि खुले कचरा फेंकने से रोकने के लिए पहले समझाईश की जाएगी। इसके बावजूद लोग नहीं मानते हैं तो नियमानुसार कार्यवाही के लिए निर्देश दिए हैं। फिलहाल अव्यवस्थाओं के लिए संवेदकों के लिए नोटिस देकर जवाब तलब किया जाएगा। प्रशासक बोले- तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए हैं एडीएम ने कहा कि शहर के प्रमुख बाजारों समेत कई जगह संचालित सुलभ शौचालय आदि का निरीक्षण किया गया है। जिसमें कई जगह गंदगी मिली, इसके लिए सम्बन्धित फर्म को नोटिस जारी किया जाएगा, साथ ही परिषद के अधिकारी कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि शहर में डोर टू डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था शुरू की गई है। इस व्यवस्था के शुरू होने के बाद शहर में सफाई के हालात हैं और नई व्यवस्था किस दिशा में जा रही है। इसका निरीक्षण करने नगर परिषद प्रशासक व एडीएम ने शहर की कई मुख्य सड़कों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इसके बाद शहर से कचरा पात्र हटा दिए जाएंगे।


