भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में गांव काले के गुरुद्वारा बाबा जीवन सिंह से नगर कीर्तन निकाला गया। सुबह 8 बजे गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी साहिब ने नगर कीर्तन आरंभ की अरदास की। इसके बाद फूलों से सजी गाड़ी में पालकी साहिब में रखकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को विराजमान किया गया। पांच प्यारों और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में निकाले नगर कीर्तन में काफी संगत पहुंची। जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारे के साथ निकाले नगर कीर्तन के आगे-आगे गतका पार्टी गतका के जौहर दिखा रहे थे। नगर कीर्तन के पीछे-पीछे संगत गुरु नाम का जाप करते हुए चल रही थी। बैंड बाजे की धुन पर गुरुद्वारा साहिब से निकले नगर कीर्तन के आगे संगत झाडू लेकर रास्ता साफ कर रही थी। वहीं नगर कीर्तन दौरान मौजूद संगत गुरु जी के जयकारे लगा रही थी। गुरुद्वारा से शुरू होकर नगर कीर्तन घनूपुर, काले रोड, गुरुद्वारा बाबा दर्शन सिंह कुल्ली वाले डेरा से होते हुए गांव काले के दूसरी तरफ पहुंचा। जिन रास्तों में नगर कीर्तन गुजरा वहां इलाके के लोगों द्वारा उनका स्वागत फूलों की वर्षा करके किया। रास्ते में लोगों की ओर से नगर कीर्तन में आई संगत के लिए खाने-पीने का सामान बांटा गया। जबकि गुरु का अटूट लंगर कई जगह लगाए गए। नगर कीर्तन कई इलाकों से होते हुए शाम तो वापस गुरुद्वारा साहिब में समाप्त हुआ। इस मौके पर गुरुद्वारा साहिब की संगत समेत कई लोग मौजूद थे।


