वीर बाल दिवस पर साहिबजादों के बलिदान को मिलेगा शैक्षिक-सम्मान:CM बोले-प्राथमिक शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल होगी साहिबजादों की गौरव गाथा

वीर बाल दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदर्शनी में गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को नमन किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घोषणा की कि साहिबजादों की शहादत और गौरव गाथा को प्राथमिक शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी राष्ट्रप्रेम और मूल्यों से प्रेरित हो सके। वीर बाल दिवस के पावन अवसर पर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी सिख धर्म के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों -साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह के अद्वितीय बलिदान, त्याग और शहादत को समर्पित रही। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संयुक्त रूप से किया। दोनों नेताओं ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रों और ऐतिहासिक प्रसंगों का अवलोकन किया। साहिबजादों के बलिदान की गौरव गाथा को प्राथमिक शिक्षा के पाठ्यक्रम में सम्मिलित किया जाएगा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों का बलिदान राष्ट्रप्रेम, धर्मरक्षा और मानव मूल्यों की अमर मिसाल है। उन्होंने विशेष रूप से छोटे साहिबजादों जोरावर सिंह और फतेह सिंह की शहादत का स्मरण करते हुए कहा कि अल्पायु में भी उन्होंने अत्याचार के आगे झुकने से इनकार कर अपने धर्म और मूल्यों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। प्रदर्शनी में माता गुजरी के त्याग और साहस को भी प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि साहिबजादों के बलिदान की गौरव गाथा को प्राथमिक शिक्षा के पाठ्यक्रम में सम्मिलित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां इतिहास से प्रेरणा ले सकें। राठौड़ ने कहा- सिख समाज पगड़ी कड़ा सहित पांच चीजे पहनता है वह हमारे हिंदू समाज का ही अभिन्न अंग भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपने संबोधन में हिंदू–सिख एकता पर बल देते हुए कहा कि दोनों धर्मों के मूल्य और राष्ट्रप्रेम की भावना समान है। उन्होंने चेताया कि धर्म या मजहब के आधार पर समाज का विभाजन राष्ट्र को नुकसान पहुंचाता है। अंतरराष्ट्रीय उदाहरणों का उल्लेख करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और सांप्रदायिक समरसता को समय की आवश्यकता बताया। राठौड़ ने कहा- सिख समाज पगड़ी कड़ा सहित पांच चीजे पहनता है वह हमारे हिंदू समाज का ही अभिन्न अंग है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम समन्वयक सरदार सुरेंद्र पाल सिंह टी.टी., प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, भूपेंद्र सैनी, जयपुर जिला भाजपा अध्यक्ष अमित गोयल, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजयपाल, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष जसवीर सिंह, कार्यक्रम संयोजक आशीष चोपड़ा, सहसंयोजक ऋषिकेश मीणा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *