झुंझुनूं में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था मजबूत करने को लेकर पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने सख्त रुख अपनाया है। जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग में उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली में ढिलाई न बरतने और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग में एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने साफ कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय पैदा करना है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लंबित मामलों पर जताई नाराजगी मीटिंग के दौरान एसपी ने जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मुकदमों की विस्तृत समीक्षा की। लंबे समय से लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सभी थानाधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंडेंसी कम की जाए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों की त्वरित जांच पूरी कर जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। पीड़ितों को त्वरित सहायता के निर्देश एसपी ने निर्देश दिए कि पीड़ितों को बिना किसी देरी के पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाए। संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां पुलिस की सतर्कता और गश्त बढ़ाने के आदेश भी दिए गए, ताकि अपराध की घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके। अवैध धंधों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी जिले को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के उद्देश्य से एसपी ने अवैध कारोबारियों के खिलाफ बड़े अभियान चलाने के निर्देश दिए। नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। सक्रिय अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। वाहनों और रात की चेकिंग पर जोर एसपी ने काली फिल्म लगे वाहनों और बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध गाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही रात के समय अतिरिक्त पिकेट लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए गए, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके। लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने स्पष्ट कहा कि पुलिस का काम जनता को सुरक्षित महसूस कराना है। अवैध धंधों और अपराधियों के प्रति पुलिस की नीति जीरो टॉलरेंस की है। जिले के हर थाने में कार्यकुशलता दिखनी चाहिए, लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।


