बांसवाड़ा में सड़क पर 15 मिनट तक ट्रैक्टर मौत बनकर दौड़ा। नशे में ड्राइवर ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को टक्कर दी। सड़क गिरते ही दोनों की सांसें अटक गई, लेकिन नीचे आने बच गए। इसके बाद तीन बाइक को रौंदते हुए ट्रैक्टर दुकान में जा घुसा। लोगों ने पकड़ने का प्रयास किया तो ट्रैक्टर को दौड़ते हुए साइकिल सवार मासूम को चपेट में ले लिया। मासूम तो बच गया, लेकिन साइकिल कबाड़ हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी ड्राइवर की पकड़कर धुनाई कर दी। घटना गुरुवार दोपहर करीब 3.40 बजे की है। पहले तस्वीरों में देखें पूरा घटनाक्रम… 1. नया बस स्टैंड के पास स्कूटी सवार पति-पत्नी को टक्कर मारते हुए ट्रेक्टर दुकान में जा घुसा। टक्कर से तीन बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। 2. सड़क पर गिरे पति-पत्नी कुचलने से बच गए। दोनों ने दौड़कर जान बचाई। 3. आरोपी ड्राइवर को लोगों ने पकड़ने का प्रयास किया तो ट्रैक्टर को दौड़ाता हुआ फरार हो गया। 4. नया बस स्टैंड के पास से भागा ड्राइवर ट्रैक्टर को लेकर तेलीवाड़ा की गली में घुसा गया। साइकिल को कुचल दिया और मासूम बच गया। 5. ट्रैक्टर की टक्कर से एक मकान के आगे का छज्जा टूट गया। यहां लोगों ने आरोपी ड्राइवर की पकड़कर पिटाई कर दी। अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरा घटनाक्रम… सीन- 1: नया बस स्टैंड – स्कूटी सवार पति-पत्नी ट्रैक्टर के नीचे आने से बचे हादसे की शुरुआत नया बस स्टैंड से करीब 50 मीटर दूर हुई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पाड़ला निवासी अनिल राठौड़ की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अनिल सड़क पर गिर पड़े। ड्राइवर ने मौके से भागने की नीयत से जैसे ही ट्रैक्टर को रिवर्स किया, अनिल टायर के नीचे आने ही वाले थे। इसी दौरान अनिल की पत्नी ने फुर्ती दिखाते हुए उन्हें पीछे खींच लिया और उनकी जान बच गई। इसके बाद बेकाबू ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ी दो बाइकों को रौंदता हुआ एक दुकान में जा घुसा, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। सीन- 2: तेलीवाड़ा – मासूम ने भाग जान बचाई, साइकिल कबाड़ हुई भीड़ को अपने पीछे आता देख ड्राइवर ट्रैक्टर को और तेज रफ्तार में तेलीवाड़ा की संकरी गली की ओर ले गया। यहां बेकाबू ट्रैक्टर एक मकान की बालकनी (छज्जे) से टकरा गया, जिससे छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया। इसके बाद भी ट्रैक्टर नहीं रुका और सामने स्थित एक किराना दुकान के कोने में जा घुसा। दुकान के बाहर साइकिल लेकर खड़े एक बच्चे ने भागकर अपनी जान बचाई, हालांकि उसकी साइकिल ट्रैक्टर के टायर के नीचे आकर कबाड़ बन गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सीसीटीवी में कैद हुआ आतंक, ड्राइवर की धुनाई पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। ट्रैक्टर के रुकते ही मौके पर मौजूद आक्रोशित भीड़ ने चालक को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक शराब के नशे में इस कदर धुत था कि उसे यह भी अंदाजा नहीं था कि उसने कितना नुकसान कर दिया है। लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लिया सूचना मिलते ही घाटोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। हादसे में घायल अनिल राठौड़ को चोटें आई हैं। उनकी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।


