पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में नवनिर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण किया। रायपुर के फुंडहर चौक स्थित अटल एक्सप्रेस-वे पर आयोजित कार्यक्रम से सीएम ने वर्चुअल माध्यम से अन्य नगरीय निकायों में बने अटल परिसरों के साथ रायपुर नगर निगम क्षेत्र में लगभग 187 करोड़ रुपये की लागत से जुड़े 23 निर्माण और विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा तैयार अटल परिसरों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पांच हितग्राहियों को भवन निर्माण की अनुमति दी गई। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत पांच महिला हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए 50-50 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। अटल ने देश के विकास को नई दिशा दी: साय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और आदिवासी कल्याण जैसी योजनाओं के माध्यम से देश के विकास को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि अटल परिसरों का निर्माण अटलजी की स्मृतियों को संजोने का एक सार्थक प्रयास है।


