प्रतापगढ़ पुलिस ने दो तस्करों को किया गिरफ्तार:छोटीसादड़ी में 1.5 क्विंटल डोडाचूरा पकड़ा, 2 कारें भी जब्त

प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए छोटीसादड़ी में 1 क्विंटल 555 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई दो कारें भी जब्त की गई हैं। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 15 लाख 10 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्रसिंह जोधा के नेतृत्व में यह कार्रवाई 26 दिसंबर 2025 को की गई। छोटीसादड़ी थाने के उपनिरीक्षक नारायणलाल अपनी टीम के साथ गोमाना ब्रेकर पर गश्त और नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान प्रतापगढ़ की ओर से एक आसमानी रंग की स्विफ्ट डिजायर कार आती दिखी, जिसमें एक व्यक्ति चालक सीट पर था। इस कार के पीछे एक सफेद रंग की हुंडई एक्सेंट कार आ रही थी, जिसमें ड्राइवर के साथ एक और व्यक्ति बैठा था। स्विफ्ट डिजायर कार के ड्राइवर ने हुंडई एक्सेंट कार को इशारा किया, जिसके बाद हुंडई एक्सेंट कार का चालक गाड़ी को वापस प्रतापगढ़ की ओर मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने स्विफ्ट डिजायर कार ड्राइवर से पूछताछ की, लेकिन हुंडई एक्सेंट कार के भागने का कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। दोनों वाहनों के संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने स्विफ्ट कार और उसके चालक को मौके पर रोका और हुंडई एक्सेंट कार का पीछा करना शुरू किया। हुंडई एक्सेंट कार का ड्राइवर गाड़ी को रामदेव जी, बरकटी हो साकरिया गांव के दक्षिण में खेतों की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर ले गया। आगे रास्ता बंद होने और खेतों में पानी भरा होने के कारण ड्राइवर कार छोड़कर खेतों की तरफ भाग गया। पुलिस ने ड्राइवर सीट के पास बैठे व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान कारूसिंह पुत्र सज्जनसिंह उर्फ गटटुसिंह राजपूत (उम्र 41 साल, निवासी मगरोड़ा, थाना रठांजना, जिला प्रतापगढ़) के रूप में बताई। कार में संदिग्ध वस्तु होने की आशंका पर हुंडई एक्सेंट कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में काले कट्टों के अंदर अवैध डोडाचूरा भरा हुआ पाया गया। तोल करने पर कुल 1 क्विंटल 555 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा निकला। पुलिस ने अवैध अफीम डोडाचूरा और तस्करी में प्रयुक्त हुंडई एक्सेंट कार को जब्त कर अभियुक्त कारूसिंह को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही, डोडाचूरा की तस्करी में एस्कॉर्ट कर रही स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त किया गया। इस कार के चालक मिथुनसिंह पुत्र नारायणसिंह राजपूत (उम्र 20 साल, निवासी दोतड़ीखेड़ा, थाना भदेसर, जिला चित्तौड़गढ़) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की अनुसंधान शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *