तीन भालुओं ने मंदिर जा रहे युवक पर किया हमला:हाथ-पैर और पीठ पर चोटें आईं, शोर मचाया तो भाग गए भालू

उदयपुर के सायरा क्षेत्र में तीन भालुओं ने मंदिर में पूजा करने जा रहे एक युवक पर हमला बोल दिया। घायल का गोगुंदा अस्पताल में उपचार किया गया। युवक के हाथ, पैर और पीठ पर चोटें आई हैं। बताते हैं कि शोर मचाने पर भालू भाग गए नहीं तो अनहोनी हो जाती। घटना शुक्रवार सुबह करीब सात बजे की है। सायरा पंचायत समिति के रोयड़ा गांव में तीन भालू आबादी क्षेत्र में घुस गए। भालुओं ने युवक लालाराम (28) पिता भैराराम गमेती पर जानलेवा हमला कर दिया। लालाराम ने और आसपास लोगों ने शोर मचाया तो भालू भाग गए। लालाराम गंभीर घायल हो गया। गांव में फैली दहशत
जानकारी के अनुसार लालाराम सुबह गांव में ही भैंरुजी मंदिर में पूजा के लिए जा रहा था। तब पंचायत भवन और मंदिर के बीच भालुओं ने उस पर हमला कर दिया। युवक के चिल्लाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस पर ग्रामीण भी चिल्लाए तो भालू जंगल की ओर भाग गए। घटना से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर सरपंच चोखाराम सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल को गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार किया। उसके हाथ-पांव और पीठ में चोटें आईं। बाद में वन विभाग को सूचना दी, जिस पर अधिकारी मौके पर पहुंचे। अफसरों ने मौका रिपोर्ट बनाई। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की। उल्लेखनीय है कि ये इलाका कुंभलगढ़ अभयारण्य क्षेत्र से जुड़ा है। यहां भालू बड़ी आबादी में हैं। भालुओं का इस जंगल से आबादी क्षेत्र में मूवमेंट रहता है, लेकिन भालुओं ने एक आदमी पर हमला कर दिया। वीडियो : गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *